
सतलुज नदी का जल-प्रवाह बढ़ा, नाथपा बांध से कभी भी छोड़ा जा सकता है अतिरिक्त पानी; लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
शिमला/किन्नौर, 27 जून। सतलुज नदी के बढ़ते जल-प्रवाह को देखते हुए एसजेवीएन (SJVN) ने आम जनता के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा सूचना जारी की है। एसजेवीएन ने कहा है कि सतलुज नदी में लगातार बढ़ रहे जल-प्रवाह के कारण नाथपा बांध से अतिरिक्त पानी किसी भी समय छोड़ा जा सकता है।
एसजेवीएन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतलुज नदी के किनारों पर जाने से बचें और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एडवाइजरी जारी की गई है।
प्रबंधन ने विशेष रूप से पर्यटकों, स्थानीय लोगों, मछुआरों और नदी किनारे किसी भी प्रकार की गतिविधि करने वालों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। नदी में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
एसजेवीएन ने लोगों से प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की भी अपील की है। साथ ही कहा गया है कि सभी नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और नदी के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें।
यह जनहित सूचना एसजेवीएन द्वारा लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है।