Headlines

कुल्लू की 35 ग्राम पंचायतें सम्मानित, टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन

कुल्लू की 35 ग्राम पंचायतें सम्मानित, टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन

 

टीबी मुक्त पंचायत अभियान में कुल्लू की 35 पंचायतों का शानदार प्रदर्शन, गोल्ड-सिल्वर-ब्रॉन्ज से सम्मान

 

टीबी उन्मूलन की दिशा में कुल्लू ने बढ़ाया कदम, 35 पंचायतों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह से नवाजा

हिमाइना न्यूज, ब्यूरो

कुल्लू। अतिरिक्त जिलाधीश (एडीएम) कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2025’ के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 35 ग्राम पंचायतों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में ज़िले के विभिन्न खंडों की पंचायतों को उनके टीबी उन्मूलन प्रयासों और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के आधार पर गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणियों में सम्मानित किया गया। जिला में लगातार 3 साल तक टीबी मुक्त पंचायत को

स्वर्ण, लगातार 2 साल तक टीबी मुक्त पंचायत को रजत तथा 1 साल से टीबी मुक्त पंचायत को ब्रॉन्ज श्रेणी का स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
इस अभियान के तहत आनी खंड की बिनान और निरमंड खंड की देहरा पंचायत ने सर्वोच्च प्रदर्शन करते हुए गोल्ड श्रेणी स्मृति चिन्ह हासिल किया। वहीं, आनी ब्लॉक की बेहना, जाबन, पोखरी, कराना-तथा निरमंड ब्लॉक की बखान पंचायत को
सिल्वर स्मृति चिन्ह से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त बंजार, जारी, नग्गर, आनी और निरमंड ब्लॉक की अन्य 28 ग्राम पंचायतों को टीबी नियंत्रण दिशा में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए ब्रॉन्ज स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने सम्मानित पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि समाज को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त बनाने में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अन्य पंचायतों से भी प्रेरणा लेकर इस जन-स्वास्थ्य अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया, ताकि कुल्लू ज़िले को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणजीत, जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी डॉ सुरेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *