नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता अभियान के संविदा कर्मियों को किया सम्मानित
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
रामपुर बुशहर। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन के निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन द्वारा 17 सितंबर 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के अंतर्गत विभिन्न स्थलों एवं आसपास के गांवों में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में 02 अक्टूबर 2026 को परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर की गरिमामयी उपस्थिति में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान के दौरान किए गए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की सराहना की गई तथा अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों के प्रयासों को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने “स्वच्छता ही सेवा#” अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य, निष्ठा एवं समर्पण का परिचय देने वाले संविदा कर्मियों (Contract Workers) को सम्मानित किया।
परियोजना प्रमुख ने सम्मानित संविदा कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि परियोजना एवं समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी एवं संविदा कर्मी की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने एनजेएचपीएस के सभी कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों से अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान अथवा विशेष अवधि तक सीमित न रहकर हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए। सामूहिक प्रयासों एवं निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर पर्यावरण का निर्माण संभव है।