Headlines

हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सीएम सुक्खू ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सीएम सुक्खू ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।

शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, ऊना, कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, चंबा और मंडी सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है और संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता एवं राहत कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने नदी-नालों के आसपास जाने और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से भी बचने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। ऐसे में लोगों को अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। सरकार और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री का संदेश है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। प्रदेशवासियों से अपील है कि वे अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *