नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता अभियान का आगाज
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
रामपुर बुशहर। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत वीरवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई के संयुक्त सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ की कड़ी में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर सहित एनजेएचपीएस के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी, CISF के जवान तथा संविदा कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान मेन चेकपोस्ट के समीप से NH-5 स्थित रेहड़ी मार्केट तक साफ-सफाई की गई। प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एनजेएचपीएस के सीएसआर विभाग की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के दौरान अपनाए गए सभी CTUs में साइन बोर्ड भी स्थापित किए गए। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने अभियान में शामिल CISF जवानों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि स्वच्छता को केवल एक दिन या अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है। ऐसे अभियानों में कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी स्वच्छता के संदेश को और प्रभावी बनाती है।