कांग्रेस राज में हिमाचल ऑन सेल, चेस्टर हिल मामले ने खोली भ्रष्टाचार की परतें : संदीपनी भारद्वाज
धारा-118 की धज्जियां, प्रशासन मौन, कांग्रेस ने हिमाचल का अस्तित्व तक दांव पर लगाया
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
शिमला, 12 अप्रैल। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने चेस्टर हिल टाउनशिप मामले में सामने आए धारा-118 के संभावित उल्लंघन और अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मामला केवल एक परियोजना का नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल को “सेल पर लगाने” की कांग्रेस की मानसिकता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमि और संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है और कांग्रेस सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। आज हालात ऐसे हैं कि हिमाचल ऑन सेल का नारा हकीकत बन चुका है। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही प्रदेश के अस्तित्व को दांव पर लगा दिया है।
संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि चेस्टर हिल टाउनशिप में 275 बीघा भूमि पर विकास और लगभग 500 आवासीय इकाइयों का निर्माण, साथ ही धारा-118 के उल्लंघन की शिकायतें गंभीर सवाल खड़े करती हैं। जब इतने बड़े स्तर पर निर्माण हो रहा है और महीनों से शिकायतें आ रही हैं, तो प्रशासन अब तक चुप क्यों था? किसके दबाव में कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिकारी वर्ग भ्रष्टाचार में लिप्त है और सरकार का उन पर कोई नियंत्रण नहीं रहा।
हिमाचल में आज प्रशासनिक तंत्र जवाबदेही से मुक्त हो चुका है—अधिकारी द्वंद और भ्रष्टाचार के कारण विकास कार्यों पर ग्रहण लग गया है। उन्होंने कहा कि निवेशकों और स्थानीय लोगों के साथ धोखा किया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे मामले के कारण निवेशकों के सामने अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है और स्थानीय निवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
कांग्रेस सरकार की नीतियों ने न केवल निवेश को प्रभावित किया है, बल्कि हिमाचल की छवि को भी देशभर में नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन नहीं, ‘डील मॉडल’ चल रहा है। कांग्रेस सरकार विकास के नाम पर डील और संरक्षण की राजनीति कर रही है। यह सरकार जनहित में नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा लोगों के हित में काम कर रही है। यही कारण है कि कानून की धज्जियां उड़ रही हैं और जिम्मेदार लोग बचाए जा रहे है। भाजपा की मांग की कि निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय हो।