विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में किए 53 लाख के विकास कार्यों के लोकार्पण

विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में किए 53 लाख के विकास कार्यों के लोकार्पण

बोले, कुटलैहड़ के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, लोगों को मिलेंगी घरद्वार पर सुविधाएं

हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।

ऊना, 19 जनवरी। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने आज(सोमवार) को ग्राम पंचायत टक्का एवं ग्राम पंचायत झलेड़ा में 53 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण किए। इनमें 28 लाख से निर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र टक्का, 5 लाख की लागत से बने लोक मित्र केंद्र भवन तथा 20 लाख से झलेड़ा में निर्मित मुख्यमंत्री लोक भवन शामिल है।

विधायक विवेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकार्पित की गई सभी परियोजनाएं कुटलैहड़ के विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी और स्थानीय लोगों को घरद्वार पर ही आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि टक्का सामुदायिक केंद्र क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पंचायत स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन हेतु अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। वहीं, लोक मित्र केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने में मददगार साबित होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री लोक भवन झलेड़ा पंचायत कार्यों के संचालन एवं आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

विक्कू ने बताया कि ग्राम पंचायत टक्का में मनरेगा योजना के तहत 55 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं तथा 30 लाख रुपये के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त, प्लानिंग के अंतर्गत 65 लाख रुपये के विकास कार्य भी पंचायत में करवाए जा रहे हैं, जिससे गांव के समग्र विकास को मजबूती मिल रही है।

उन्होंने बताया कि भिभौर साहिब से खेतों की सिंचाई की सुविधा के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ी सिंचाई योजना कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लगाई जाएंगी जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल सकेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इसके साथ ही जोगी पंगा, लांभ, झम्बर क्षेत्र को जोड़ने के लिए 10.50 करोड़ की लागत से संपर्क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा एवं विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *