ऊना : मैड़ी मेले के सफल संचालन को लेकर एडीसी ने की समीक्षा बैठक
24 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होगा होली मैड़ी मेला : महेंद्र पाल गुर्जर
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
ऊना, 2 फरवरी। उपमंडल अंब के मैड़ी में 24 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले होली मैड़ी मेले के दृष्टिगत सुरक्षा एवं व्यवस्थागत प्रबंधों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने सोमवार को बीडीओ कार्यालय अंब स्थित समिति हॉल में समीक्षा बैठक की। बैठक में एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल, स्वास्थ्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुखदीप सिंह सिधू, बीडीओ ओमपाल डोगरा सहित गुरुद्वारा प्रबंधन, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने मेले के सफल, सुरक्षित और सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि मेला अवधि के दौरान पुलिस, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी एजेंसियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में मेडिकल पोस्ट भी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि मेला अवधि के दौरान एडीसी ऊना मेला अधिकारी तथा एसडीएम अंब सहायक मेला अधिकारी होंगे, जबकि एएसपी ऊना पुलिस मेला अधिकारी और डीएसपी अंब सहायक पुलिस मेला अधिकारी के रूप में तैनात रहेंगे। मेले के दौरान 850 पुलिस जवान, 125 महिला पुलिस कर्मी तथा 750 होमगार्ड जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने बताया कि 3 मार्च को निशान साहिब (झंडा चढ़ाने) की रस्म तथा 5 मार्च की मध्यरात्रि को पंजा प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मेला अवधि के दौरान ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, टैम्पू एवं अन्य मालवाहक वाहनों से श्रद्धालुओं का आना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों में आने वाले यात्रियों को बॉर्डर क्षेत्र पर ही रोका जाएगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालु केवल एचआरटीसी बसों के माध्यम से ही मेला क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मेला क्षेत्र को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी सेक्टर-वार की जाएगी।