सुक्खू सरकार गुठलीदार फलों की खेती को दे रही बढ़ावा : जगत सिंह नेगी

सुक्खू सरकार गुठलीदार फलों की खेती को दे रही बढ़ावा : जगत सिंह नेगी

जिला शिमला के थानाधार में प्रदेश का पहला “राष्ट्रीय गुठलीदार फल सम्मेलन” आयोजित

हिमाइना न्यूज ब्यूरो।

शिमला, 6 नवंबर। जिला के थानाधार में गुठलीदार फल उत्पादक संघ, बागवानी विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश का पहला राष्ट्रीय गुठलीदार फल सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस राष्ट्रीय आयोजन में नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों, फल उत्पादकों और बागवानों सहित विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य सेब की फसल के पूरक अथवा विकल्प के रूप में गुठलीदार फलों की अर्थव्यवस्था को सशक्त, टिकाऊ एवं विविध बनाना था।

इस कार्यक्रम में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि बागवानी हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों की जीवनरेखा है। अब समय आ गया है कि सेब के साथ-साथ अन्य गुठलीदार फलों की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर राज्य की बागवानी अर्थव्यवस्था को और अधिक स्थिर एवं समृद्ध बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुठलीदार फलों की खेती को प्रोत्साहित करने हेतु आवश्यक नीति समर्थन, प्रशिक्षण, अनुसंधान और विपणन ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले फलों के उत्पादन पर बल देते हुए हाई-डेंसिटी प्लांटेशन प्रणाली को अपनाने का आह्वान किया ताकि कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “न्यूजीलैंड जैसे देश सीमित भूमि पर उच्च गुणवत्ता का सर्वाधिक उत्पादन कर रहे हैं। हिमाचल में भी हमें इसी दिशा में कार्य करना होगा।”

उन्होंने कहा कि “सबसे बड़ी चुनौती उच्च गुणवत्ता वाले पौधरोपण सामग्री (प्लांट मटेरियल) की उपलब्धता है। जब तक हम अपने राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार नहीं करेंगे, तब तक हाई-डेंसिटी तकनीक का पूर्ण लाभ नहीं मिल सकेगा।”

जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में इटली की एक कंपनी के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत शीघ्र ही 50 हजार हाई-डेंसिटी पौधे तैयार किए जाएंगे, ताकि गुणवत्तापूर्ण पौधों की कमी को दूर किया जा सके।

उन्होंने बागवानी विभाग को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर ऐसे सम्मेलन आयोजित कर बागवानों व किसानों को हाई-डेंसिटी तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले फलों के बारे में जानकारी प्रदान करे।

उन्होंने दीपक सिंघा का विशेष रूप से धन्यवाद किया जिन्होंने सम्मेलन के आयोजन में विशेष योगदान दिया। उन्होंने कहा कि थानाधार, जो अपनी उत्कृष्ट फल उत्पादन परंपरा के लिए प्रसिद्ध है, इस आयोजन की मेजबानी कर गुठलीदार फल क्रांति के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बना है। यह सम्मेलन गुठलीदार फल क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास, अनुसंधान, सहयोग एवं नीति निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *