रिकांगपिओ : राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बौद्ध मंदिर भवन का किया उद्घाटन
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
रिकांगपिओ, 6 जनवरी। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के तीन दिवसीय दौरे के प्रथम दिन चौरा पहुंच कर नव निर्मित होने वाले किन्नौर प्रवेश द्वार का शिलान्यास किया।
इसके उपरान्त राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने विकास खण्ड कल्पा के सांगला वैली की गा्रम पंचायत ब्रुआ में 24 लाख की लागत से निर्मित बौद्व मंदिर भवन तथा 65 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्वघाटन किया ।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर जनता को सम्बोधित करते हुए कहा सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य आपदा राहत मैन्युअल में बदलाव कर आपदा ग्रस्त लोगों के लिए क्षतिग्रस्त मकानों की राशि को 1 लाख 30 हजार रुपए से बढ़ाकर 8 लाख रुपए किया तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान की राशि को 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख किया।
जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि कांग्रेस सरकार सदैव निर्धन व उपेक्षित वर्गों के साथ तत्परता के साथ खड़ी रही है और निर्धनों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, नो-तोड़ अधिनियम-1968 व मनरेगा-2005 निर्धन व उपेक्षित वर्गों के सरंक्षण व उत्थान में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय हैं जो कांग्रेस सरकार की गरीबों के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गरीब विरोधी भाजपा सरकार ने मनरेगा-2005 को खत्म कर देश के निर्धन व गरीब लोगों के साथ विश्वासघात किया है और काम की गारंटी को केंद्र के पास रखने का निर्णय भाजपा की जन विरोधी सोच को दर्शाता है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड में परिवर्तित किया जा रहा है जिसके तहत जिला के भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ व कानम के विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड से जोड़ा जाएगा ताकि बच्चों गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान किया जा सकेें।