महिला उत्पीड़न को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : विजया किशोर रहाटकर

महिला उत्पीड़न को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : विजया किशोर रहाटकर

शिमला मंडल के लिए पोश अधिनियम पर कार्यशाला आयोजित

हिमाइना न्यूज ब्यूरो।

शिमला, 11 नवंबर। शिमला मंडल के लिए पोश “कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम, 2013” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को बचत भवन, शिमला में किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने की।

कार्यशाला का उद्देश्य कार्यस्थलों पर महिलाओं के प्रति सम्मानजनक, सुरक्षित एवं समान अवसर वाला वातावरण सुनिश्चित करना था। इसमें पोश अधिनियम, 2013 के प्रावधानों, शिकायत निवारण तंत्र और संवेदनशीलता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

अपने संबोधन में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और संवेदनशीलता ही पोश अधिनियम के सफल क्रियान्वयन की कुंजी है।

रहाटकर ने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निवारण नहीं, बल्कि सुरक्षित और संवेदनशील कार्य संस्कृति का निर्माण है, जहां महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में पोश नीति को सशक्त रूप से लागू करें और महिला कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने प्रतिभागियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर बातचीत की और पोश अधिनियम पर सवाल भी किए। उन्होंने सभी समितियों को एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित करने को कहा तथा उसकी रिपोर्ट एडीसी कार्यालय शिमला भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को सभी रिपोर्ट्स को राष्ट्रीय महिला आयोग को प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *