Headlines

एसजेवीएन निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने किया नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा

एसजेवीएन निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने किया नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा

नाथपा झाकड़ी परियोजना में विद्युत उत्पादन, दक्षता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

सुरक्षित एवं विश्वसनीय विद्युत उत्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता : राजेश कुमार चंदेल

हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।

रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने 6 सितंबर को एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना में विद्युत उत्पादन की स्थिति, उत्पादन दक्षता, परिचालन व्यवस्था, अनुरक्षण गतिविधियों और सुरक्षा मानकों का व्यापक जायजा लिया।

परियोजना में पहुंचने पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक (परियोजनाएं) का पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाज से स्वागत किया। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान चंदेल ने परियोजना के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया तथा विद्युत उत्पादन से संबंधित गतिविधियों, संयंत्र के संचालन और अनुरक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पावर हाउस, नियंत्रण कक्ष सहित हाइड्रो प्लांट का निरीक्षण कर परियोजना की वर्तमान परिचालन स्थिति और उत्पादन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक (परियोजनाएं) को परियोजना में विद्युत उत्पादन की वर्तमान स्थिति, मशीनों की उपलब्धता, अनुरक्षण कार्यों तथा विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान परियोजना के सुचारू संचालन, उत्पादन क्षमता के प्रभावी उपयोग और आगामी अवधि की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना के अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन एसजेवीएन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा, दक्षता और उपकरणों की विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान चंदेल ने प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधारोपण भी किया। इसके उपरांत उन्होंने चंभु देवता महाराज मंदिर में दर्शन किए तथा परियोजना की सफलता एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए परियोजना की उत्पादन क्षमता और दक्षता को निरंतर बनाए रखने तथा अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *