हिमाचल में जंगल राज का आरोप, भाजयुमो ने सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
शिमला, 18 अप्रैल। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश ने राज्य में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सनी शुक्ला ने कहा कि देवभूमि में जंगल राज जैसी स्थिति बन गई है और आम जनता, खासकर महिलाएं, असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी निशांत ठाकुर भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले को उठाते हुए डा. सनी शुक्ला ने इसे प्रदेश सरकार की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, वहां सरकार का नैतिक अधिकार समाप्त हो जाता है। भाजयुमो ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
भाजयुमो ने राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN), मैहतपुर, संसारपुर टैरेस, काला अंब और पोंटा साहिब में बढ़ती नशाखोरी पर भी गंभीर चिंता जताई। संगठन ने आरोप लगाया कि इन क्षेत्रों में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है और इसमें बड़े नेटवर्क सक्रिय हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने चेस्टर हिल जमीन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में भू-माफिया बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में विफल रही है और प्रशासनिक कैंप महज औपचारिकता बनकर रह गए हैं। उनका कहना था कि व्यापारी, उद्योगपति और आम नागरिक भय के माहौल में जी रहे हैं, जिसका असर निवेश पर भी पड़ रहा है।
युवा मोर्चा ने साफ किया कि यदि जल्द ही कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र जन-आंदोलन शुरू करेगा।