भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक सुंदरनगर में संपन्न, बी.डी. शर्मा ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक सुंदरनगर में संपन्न, बी.डी. शर्मा ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

मोदी सरकार ने पारदर्शिता से बदली व्यवस्था, भ्रष्टाचार पर किया प्रहार : विष्णु दत्त शर्मा

पंच निष्ठाओं पर आधारित है भाजपा की विचारधारा : डॉ. राजीव बिंदल

हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।

सुंदरनगर, 12 फरवरी। भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन सुंदरनगर जिला भाजपा कार्यालय में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद एवं पूर्व मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल और पायल वैद्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

बैठक को संबोधित करते हुए विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाकर भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है और लीकेज की पुरानी व्यवस्था समाप्त हुई है। आज ₹1 का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है, यह व्यवस्था परिवर्तन का बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों का फोकस केवल नारों पर नहीं बल्कि वास्तविक गरीब कल्याण पर है। करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं और अंत्योदय की भावना के साथ योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का वैचारिक आधार त्याग, राष्ट्रहित और सेवा है, जिसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों ने स्थापित किया।

राष्ट्रीय एकता के विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि धारा 370 का हटाया जाना वर्षों पुराने संकल्प की पूर्ति है और यह देश की अखंडता को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल भाजपा नेतृत्व को बदनाम करने के लिए झूठा नैरेटिव खड़ा कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास और सुशासन के परिणाम स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

सड़क और बुनियादी ढांचे के मुद्दों पर विशेष रूप से बोलते हुए विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 से 2025 के बीच हिमाचल प्रदेश में लगभग 1,364 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और उन्नयन केंद्र सरकार की योजनाओं के अंतर्गत हुआ है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में संपर्क, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बल मिला है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में शुरू हुई अटल टनल (रोहतांग) लगभग 9.02 किलोमीटर लंबी विश्वस्तरीय सुरंग है, जिसने लाहौल-स्पीति को वर्षभर संपर्क दिया, यात्रा समय घटाया और सर्दियों के अलगाव को समाप्त किया। यह परियोजना हिमालयी क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का ऐतिहासिक उदाहरण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन पर चलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी की वैचारिक और संगठनात्मक शक्ति उसकी पंच निष्ठाओं पर आधारित है।
डॉ. बिंदल ने पंच निष्ठाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां — राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र, सांस्कृतिक मूल्यों, अंत्योदय, तथा स्वच्छ और पारदर्शी सार्वजनिक जीवन — इन पाँच मूल प्रतिबद्धताओं पर आधारित हैं। इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है और सुशासन का मॉडल प्रस्तुत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *