कुल्लू : खरगा स्कूल की छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
स्कूल में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित
हिमाइना न्यूज, ब्यूरो।
कुल्लू 29 जनवरी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी समेकित बाल विकास परियोजना कुंदन लाल ने जानकारी दी कि, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरगा में आयोजित पांच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर (Self-Defense Camp) आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा स्वयं करने के लिए व्यावहारिक गुर सिखाए गए। सेल्फ डिफेंस एकेडमी कुल्लू के मुख्य प्रशिक्षक कमलकांत ने छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया। छात्राओं को शारीरिक हमले से बचने, ‘अनसेफ टच’ को पहचानने और मानसिक रूप से मजबूत रहने के तरीके सिखाए गए।
विद्यालय की अनेक छात्राओं ने इस पांच दिवसीय शिविर में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रक्षा के लिए विभिन्न ब्लॉकिंग, पंचिंग और किकिंग तकनीकों का अभ्यास किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें समाज में निडर होकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों के सर्वांगीण विकास और उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करना भी इसका अभिन्न अंग है।
शिविर के समापन अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने विभाग और प्रशिक्षक कमलकांत का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से वे अब स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस कर रही हैं।