जुब्बल : रोहित ठाकुर ने किया झडग पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन जनता को समर्पित
हिमाइना न्यूज ब्यूरो।
जुब्बल, 15 नवंबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को उप मण्डल जुब्बल के अंतर्गत ग्राम पंचायत झड़ग में 35 लाख रूपये से निर्मित पंचायत भवन का एवं 18 लाख की राशि से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत झड़ग के निवासियों को बधाई दी और बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में जनता को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ और मजबूत बनने के उद्देश्य से विभिन्न भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज झड़ग में इन दोनों भवनों को जनता को समर्पित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत भवन के निर्माण से जहां एक ओर पंचायती राज संस्थाओं के कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी वहीं दूसरी ओर सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक कार्यों के निर्वाहन में सुविधा होगी। इसके साथ ही रोहित ठाकुर ने झड़ग में 1 करोड़ 87 लाख की लागत से निर्माणधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के निर्माण कार्य का निरिक्षण भी किया।
रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किये गए थे जिनमे से झड़ग का स्वास्थ्य केंद्र एक है। उन्होंने निर्माण से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कामगारों को निर्देश दिये कि जल्द से जल्द इस भवन का निर्माण पूरा किया जाये जिससे कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं घर पर ही उपलब्ध हो सके।