कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय खुलना शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की दूरदर्शी सोच का परिणाम : ब्लॉक कांग्रेस
हिमाइना न्यूज ब्यूरो।
जुब्बल, 3 अक्तूबर। जुब्बल-नावर-कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय जैसा उत्कृष्ट संस्थान मिलना लोकप्रिय विधायक और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के निरंतर प्रयास और दूरदर्शी सोच का सार्थक परिणाम है। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रेस को ज़ारी संयुक्त ब्यान में कही।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय कोटखाई में कक्षा 1 से 12 तक CBSE पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी और पहली बार प्री-प्राइमरी कक्षाएं भी शुरू होंगी। इस विद्यालय में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर में कुल 57 नए केंद्रीय विद्यालयों में 5 पहाड़ी इलाकों के लिए स्वीकृत हुए है जिसमें हिमाचल प्रदेश को कोटखाई व पौंटा साहिब के रूप में दो केंद्रीय विद्यालय मिले है।
उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय खुलना किसी सपने के साकार होने जैसा हैं और जनता के सपने भी तभी साकार हो पाते है जब नेतृत्व अनुभवी, ईमानदार, कर्मठ, सशक्त व दूरदर्शी सोच वाला हो।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की दूरदर्शी सोच और दृढ़ नेतृत्व के चलते हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं जिससे प्रदेश के साथ-साथ जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता का राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ा है। प्रदेश ने PGI, ASER और NAS जैसी राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया जिसके परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश पूर्ण साक्षर राज्य की सूची में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के बाद अब शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल-नावर-कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय जैसे उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान को स्वीकृत करवा कर जनता को अप्रत्याशित सौग़ात दी हैं जिससे जनता गदगद हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल-नावर-कोटखाई में तीन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में CBSE पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे विशेषकर आम परिवारों के बच्चें लाभान्वित होंगे और साथ ही कोटखाई में सब जज कोर्ट की स्वीकृति देकर शिक्षा मंत्री ने जनता को घर द्वार पर न्यायिक सुविधा दी हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई ने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना पूरे जिला शिमला और हिमाचल प्रदेश के लिए शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी हैं।