फगेड़ा, पनेश, धमून, सेरी का हाड़ा को जोड़ने वाला मार्ग ढहा

फगेड़ा, पनेश, धमून, सेरी का हाड़ा को जोड़ने वाला मार्ग ढहा

शिमला में लगातार बारिश, गांवों का संपर्क टूटा

लोगों ने लगाई गुहार, जल्द हो निर्माण

हिमाइना न्यूज ब्यूरो 

शिमला, 1 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। राजधानी शिमला से सटे क्षेत्रों में सड़कें और पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

गलोट पंचायत के अंतर्गत आने वाले फगेड़ा, पनेश, धमून, सेरी का हाड़ा और गलोट गांवों को जोड़ने वाला पैदल रास्ता डंगा गिरने से बंद हो गया है। हादसा रात के समय हुआ, वरना जनहानि भी हो सकती थी। इस रास्ते से छोटे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की रोज़ाना आवाजाही होती है। अब लोगों को खेतों और नकदी फसलों का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग को तुरंत बहाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कदम न उठाए गए तो बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित होगी।

ग्रामीणों में सुरेश कुमार, परवीन कुमार, चमन लाल, रमन, विनोद कुमार, सोहन लाल, सुरेंद्र गोपाल, बालकृष्ण और कृष्ण लाल सहित कई ग्रामीणों ने इस समस्या का त्वरित समाधान करने की अपील की है।

इधर, शामलाघाट पंचायत के मंझलागांव में भी बारिश ने तबाही मचाई है। यहां उषा ठाकुर के मकान के सामने बना आंगन ढह गया। इससे घर में भी दरारें पड़ गई हैं। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली उषा ठाकुर ने प्रशासन और विशेषकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से उचित मुआवज़े की गुहार लगाई है।

लगातार बारिश से प्रदेशभर में भूस्खलन और नुकसान की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *